खोड़ारे (गोंडा)। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गुरुवार को मरैला नहर पुल के पास से 25-25 हजार के इनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसका इलाज जिला अस्पताल में कराया गया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से बाइक व तमंचा कारतूस बरामद हुआ है। पकड़े गए बदमाशों पर चिकित्सक भवप्रकाश के अपहरण का आरोप है। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने थाना खोड़ारे में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। थाना छपिया क्षेत्र के संगवा गांव के रहने वाले डेंटिस्ट भव प्रकाश 21 मार्च की देर शाम बाइक से बलरामपुर जनपद के सादुल्लाहनगर से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सबना बाजार के पास से बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया था।
अपहरण के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की। पुलिस अधीक्षक संतोष कुुमार मिश्र ने बताया कि गुरूवार को थाना खोड़ारे क्षेत्र के मरैला नगर पुल के पास डेंटिस्ट भवप्रकाश अपहरणकांड के आरोपी दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम ने बदमाशों को घेरा तो बदमाश फायरिंग करने गले। जवाबी फायरिंग में 25 हजार के इनामी बदमाश संदीप गौड़ निवासी सबना के पैर में गोली लग गई। जिससे वह गिर गया। संदीप समेत उसके साथी अभिषेक उर्फ राजा निवासी पोखरनी कोतवाली नगर जनपद बस्ती को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से एक बाइक व 315 बोर का एक तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ थाना खोड़ारे में जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।