गोंडा। परासपट्टी मझवार गांव के गोलहिया के रहने वाले प्रवीण मिश्र की हत्या उसकी पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर चापड़ से मारकर की थी। पुलिस ने मंगलवार को इसका खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से हत्या में प्रयुक्त चापड़ व आरोपी की बाइक बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया। दोनों को जेल भेज दिया गया।
थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र के परास पट्टी मझवार गांव के मौजा गोलहिया के रहने वाले प्रवीण मिश्रा (35) पुत्र हृदय नरायन मिश्रा की रविवार की देर शाम सात बजे धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी गई थी। पत्नी की तलाश करने वह घर से निकला था। प्रवीण का बेटा चंदन (6) घर में सो रहा था। बेटी गुंजन (8) पड़ोसी के घर में टेलीविजन देखने चली गई थी। प्रवीण की पत्नी ने थाना उमरी बेगमगंज में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्या के बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा मिला।
हरकत में आई पुलिस टीम ने प्रवीण की पत्नी के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लिया तो जिस नंबर पर प्रवीण की पत्नी की बातचीत हुई उसे नाम सामने आया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि सूरज सिंह पुत्र शिवनायक सिंह निवासी बनगांव थाना तरबगंज का नाम प्रकाश में आने पर प्रवीण की पत्नी के साथ सूरज को उठाकर पूछताछ की गई। सूरज व प्रवीण की पत्नी ने बताया कि दोनों के बीच पिछले कई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एसपी के मुताबिक, सूरज के बुलाने पर प्रवीण की पत्नी उससे मिलने के लिए गांव से बाहर गई थी। प्रवीण घर पहुंचा तो देखा की पत्नी घर में नहीं है। पत्नी को तलाशते हुए वह गांव के बाहर पहुंचा तो दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा। यह देखते ही प्रवीण सूरज से भिड़ गया। प्रवीण की पत्नी ने सूरज संग मिलकर चापड़ से मारकर प्रवीण को मरणासन्न कर दोनों वहां से भाग निकले। जाते समय सूरज गुलहिया पुरवा के समीप पुलिया के पास चापड़ फेंकने के बाद प्राथमिक विद्यालय गुलहिया पुरवा के पास बाइक खड़ी करके फरार हो गया था।
एसपी के मुताबिक, एसओजी व उमरी पुलिस टीम ने दोनों को उठाकर पूछताछ की तो दोनों ने बताया कि सूरज व प्रवीण की पत्नी ने बताया कि दोनों के बीच कई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। सूरज ने बताया कि वह प्रवीण की पत्नी के बुलाने पर आया था। दोनों एक साथ आपत्तिजनक हालत में देखकर प्रवीण भिड़ गया। इसके बाद दोनों ने चापड़ से मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ व बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपी सूरज व प्रवीण की पत्नी को अदालत के समक्ष पेश किया। दोनों को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस टीम ने थानाध्यक्ष उमरीबेगमगंज करूणाकर पांडेय व प्रभारी एसओजी सुनील कुमार समेत टीम के सदस्य शामिल रहे।