गोंडा। शहर के चौक बाजार की रहने वाली एक किशोरी ने एक युवक की हरकतों से तंग आकर सोमवार की देरशाम शहर के पटेल नगर स्थित पांडेय तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में किशोरी के पिता ने कोतवाली नगर में आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
शहर के चौक बाजार की रहने वाली 15 वर्षीया किशोरी को सुभाष नगर का रहने वाला राजू राज गुप्ता अक्सर छेड़खानी करता था। राजू की हरकतों से तंग आकर किशोरी सोमवार की देर शाम शहर के पटेल नगर स्थित पांडेय तालाब पर पहुंची और तालाब में कूदकर जान दे दी। कोतवाली पुलिस ने अग्निशमन दल को बुलाकर रेस्क्यू कराया। किशोरी को तालाब से निकालने के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी के पिता ने कोतवाली नगर में राजू उर्फ राज गुप्ता के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि आरोपी राजू उर्फ राज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है।