गोंडा। कोरोना संक्रमण को मात देने के लिए वैक्सीन लगवा कर सुरक्षा का घेरा बनाने में 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। महज 25 दिनों में ही दो लाख किशोरों ने कोविड वैक्सीन लगवाकर कोरोना संक्रमण के खिलाफ चल रही जंग में एक मिसाल कायम की है। इससे स्वास्थ्य विभाग को राहत मिलने के साथ ही अभिभावकों में भी बच्चों के संक्रमण को लेकर व्याप्त चिंता काफी हद तक कम हुई है।
पिछले साल 16 जनवरी से चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के एक साल बाद भी जिले के सभी लोगों को टीका नहीं लगाया जा सका है। इसके इतर महज 25 दिनों में 83 फीसदी किशारों ने वैक्सीन लगवाकर रिकार्ड कायम किया है। इस साल तीन जनवरी से शुरू हुए 15 से 18 आयु वर्ग वाले किशोरों के टीकाकरण अभियान के लिए 2,40,801 किशोरों को चिन्ह्ति किया गया। सिर्फ 25 दिनों में ही इनमें से 1,99,450 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया जा चुका है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जयगोविंद ने बताया कि कोरोना टीकाकरण अभियान को एक साल से अधिक हो चुके हैं लेकिन पहली बार वैक्सीन लगवाने वाले किशोरों में टीकाकरण के सुरक्षा कवच से कोरोना को हराने का जो जज्बा दिख रहा है, वह प्रशंसनीय है। सीएचसी अधीक्षकों और कोविड टीकाकरण में लगे सभी स्वास्थ्य कर्मियों को ब्लॉक में कोविड टीकाकरण की संख्या में यह तेजी बनाए रखनी होगी।
प्रशिक्षण स्थल पर लगा बूस्टर डोज
चुनाव प्रशिक्षण केंद्र पर कर्मचारियों को बूस्टर डोज लगाए जाने की व्यवस्था की गई। चुनाव में लगे अधिकारी कर्मचारी, जिन्होंने अभी तक प्रथम, द्वितीय डोज टीका नहीं लगवाया है उनका टीकाकरण किया गया। द्वितीय डोज का 90 दिवस पूरा करने वाले कर्मी को बूस्टर डोज लगाया गया। सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने बताया कि इस बार कम से कम कोविड वैक्सीन की दो डोज लगवाने वाले कर्मी को ही चुनाव ड्यूटी में भेजा जाएगा।