गोंडा। ठंड बढ़ते ही चोरों के हौसले बढ़ गए हैं। इटियाथोक थाना क्षेत्र के मुंडेरवामाफी में शनिवार की रात में कपड़े की एक दुकान का शटर काटकर चोर पांच लाख रुपये के कपड़े लेकर फरार हो गए। दुकानदार ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के बेसियाचैन गांव के रहने वाले विनोद कुमार गोस्वामी ने बताया कि वह गोंडा- बहराइच मार्ग पर मुंडेरवामाफी बाजार में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान करते हैं। विनोद के मुताबिक शनिवार की रात वह दुकान में ताला लगाकर अपने गांव चले गए थे।
देर रात चोरों ने दुुकान का शटर काट डाला और अदंर रखे रेडीमेड कपड़े, साड़ी, धोती, पैंट, शर्ट, लहंगा, चुन्नी समेत अन्य गारमेंट्स लेकर फरार हो गए। बताया कि रविवार की सुबह साढ़े आठ बजे बाजार के ही रहने वाले एक युवक ने दुकान का शटर कटा देखा तो सूचना दी। जब वह दुकान पहुंचे तो शटर कटा मिला और दुकान खाली थी। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कराई जा रही है।
बाजार के अजीत कुमार गोस्वामी, मनीष गोस्वामी व जगराम यादव की दुकान में कुछ दिनों पहले चोरी हुई थी। पुलिस की सूचना दी गई। इनमें एक व्यापारी ने नामजद तहरीर भी दी, लेकिन किसी भी मामले का राजफाश आज तक नहीं हुआ। स्थानीय निवासी रमाकांत शुक्ल आदि लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त यहां कभी नहीं होती।