गोंडा। आदर्श चुनाव आचार संहिता के साथ ही कोविड प्रोटोकॉल के लागू होने के बाद भीड़ जुटाने पर कार्रवाई शुरू हो गई है। गौरा भाजपा विधायक प्रभात वर्मा ने बीते दिनों भाजपा के लाभार्थी संपर्क अभियान में अधिक भीड़ जुटाई ओर जनसंपर्क किया। इसकी फोटो और सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हुई। गुरुवार को जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने इसे संज्ञान में लिया है। उन्होंने एसडीएम मनकापुर को निर्देश दिया है कि मामले की जांच करके कार्रवाई करें। इसके बाद जिले के जनप्रतिनिधि भी सतर्क हो गए हैं।
आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने धारा- 144 लागू कर दिया। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील किया था कि कोई नियमों का उल्लंघन न करें। इसी बीच भाजपा की ओर से लाभार्थी संपर्क अभियान चल रहा है। जिसमें पांच से अधिक लोग जुट जा रहे हैं, इसमें गौरा विधायक प्रभात वर्मा की ओर से किए संपर्क में अधिक लोगों के जुटने पर प्रशासन सतर्क हो गया है। जांच के निर्देश के साथ एक बार फिर आगाह किया गया है कि वर्तमान स्थिति को ध्यान में रख कर ही कोई संपर्क करें। आयोग की तरफ से पहले ही 15 जनवरी तक किसी तरह की रैली, जुलूस या किसी तरह का आयोजन रोका गया है। इसके बाद भी राजनीतिक दलों की ओर से अति उत्साह में कार्यक्रम किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज करने के बाद दलों में हलचल मची है।