फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बकाया बिल वसूलने गई बिजली टीम पर हमला, टेक्नीशियन को दौड़ा दौड़ाकर पीटा

विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। कोतवाली नगर क्षेत्र के सतईपुरवा गांव में गुरुवार को बिजली बिल का बकाया वसूलने पहुंची टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने टीम में शामिल एक बिजलीकर्मी को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। साथी को पिटता देख कर टीम में शामिल अन्य बिजली कर्मी भाग खड़े हुए।
विज्ञापन

सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिजलीकर्मी को दबंगों के कब्जे से छुड़ाया। इस मामले में राज्य विद्युत प्राविधिक कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की तरफ से नगर कोतवाली में आठ नामजद समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गयी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
आवास विकास कालोनी स्थित पावर हाउस की टीम गुरुवार को बिजली बिल का बकाया वसूलने को कोतवाली नगर क्षेत्र के सतईपुरवा गांव पहुंची थी। जांच के दौरान बिजली कर्मियों ने बकाया न चुकाने पर बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटना शुरू कर दिया।
विज्ञापन

कनेक्शन काटे जाने से भड़के स्थानीय लोग बिजलीकर्मियों से भिड़ने लगे। इसी बीच कुछ दबंगों ने बिजली टेक्नीशियन अभिषेक रंजन पर हमला बोल दिया। दबंगों ने अभिषेक को बीच सड़क पर दौड़ा दौड़ाकर पीटा। मारपीट शुरू हो जाने से वहां हड़कंप मच गया और टीम के अन्य सदस्य भाग खड़े हुए। बिजली कर्मियों ने इसकी सूचना विभागीय अफसरों व पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बिजली कर्मी अभिषेक को अस्पताल ले जाकर उसका प्राथमिक उपचार कराया। इस मामले में राज्य विद्युत प्राविधिक कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर कोतवाली में आठ नामजद आरोपियों समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नगर कोतवाल आलोक राव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बकाया बिजली बिल की वसूली के दौरान विद्युत कर्मियों के साथ मारपीट किए जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले धानेपुर में भी बिजली कर्मियों पर हमला हो चुका है।
करीब एक पखवारे पहले जब बिजली विभाग की टीम धानेपुर थाना क्षेत्र के याकूबगंज बाजार में बकाया वसूली के लिए गई थी तो वहां भी जेई व अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता की गई थी। इस मामले को लेकर भी अवर अभियंता की तरफ से स्थानीय थाने में केस दर्ज कराया है जिसकी जांच चल रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें