फोटो- 8- गोंडा के कंपोजिट स्कूल मधईपुर परसपुर में नए प्रवेश लेने वाले छात्रों का स्वागत करते विधाय?
- फोटो : GONDA
गोंडा। बेसिक स्कूलों में नए शैक्षिक सत्र के शुभारंभ पर उत्सव जैसा माहौल रहा। जिले के 2628 स्कूलों में दस हजार के करीब नए छात्रों का नामांकन प्रवेश उत्सव में हुआ। पहले दिन प्रवेश लेने वाले छात्रों का स्वागत रोली चंदन के साथ करते हुए मेधावियों को सम्मानित भी किया गया। परसपुर के कंपोजिट स्कूल मधईपुर कुर्मी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें करनैलगंज विधायक अजय कुमार सिंह के साथ ही बीएसए डॉ. अखिलेश प्रताप सिंह, डायट प्राचार्य अतुल तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी फिजा मिर्जा मौजूद रहे।
कंपोजिट स्कूल मधईपुर कुर्मी में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम पूरी तरह शैक्षिका विकास सम्मेलन में तब्दील दिखा। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही बालिका शिक्षा पर नाट्य प्रस्तुत कर अभिभावकों को जागरूक भी किया। इस अवसर पर बीएसए ने कहा कि पहले सरकारी स्कूल के प्रति लोगों का नजरिया अच्छा नहीं होता था। अब संसाधनों का विकास होने व गुणवत्तायुक्त शिक्षण कार्य होने से इन स्कूलों की सूरत व सीरत दोनो बदली है। डायट प्राचार्य ने भी शिक्षा पर जोर देते हुए सामाजिक तरक्की के लिए शिक्षा की अहम भूमिका है। इसके लिए बेहतर प्रयास हो रहे हैं। इसके साथ ही जिले के अन्य स्कूलों में भी प्रवेश उत्सव कार्यक्रमों की धूम रही। बीएसए ने बताया कि सोमवार से स्कूल चलो अभियान की शुरुआत होगी। जिससे गांव-गांव में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
व्यवस्था से खुश होकर विधायक ने गोद लिया स्कूल
करनैलगंज विधायक अजय कुमार सिंह ने कंपोजिट स्कूल मधईपुर कुर्मी को देखा। लाइब्रेरी के साथ ही कंप्यूटर कक्ष व अन्य संसाधन युक्त क्लास रूम की व्यवस्था से गदगद होकर विधायन ने स्कूल को एक साल के लिए गोद लेने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि सीएम योगी ने सभी विधायकों को एक स्कूल गोद लेने को निर्देशित किया है। इस दौरान स्कूल के संचालन से जुड़ी सभी जरूरत को पूरा कराया जाएगा। इसके साथ ही स्कूल में स्मार्ट क्लास के लिए आवश्यक संसाधन देने की बात भी कही गयी है।