लंबित मुकदमों को लेकर कमिश्नर ने दिखाई सख्ती
मंडलीय कार्यालय सभागार में कर-करेत्तर व राजस्व कार्यों की गई समीक्षा बैठक
पांच साल से पुराने मुकदमे प्राथमिकता के आधार होंगे निस्तारित, जारी किया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। पांच साल से पुराने लंबित मामलों की रोजाना सुनवाई होगी। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाएगा। बुधवार को आयुक्त सभागार में देवीपाटन मंडल कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील ने कर-करेत्तर व राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान कमिश्नर ने लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बुधवार को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती की कर एवं करेत्तर राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक की। वाणिज्य कर विभाग, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग, आबकारी विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत देय, वन विभाग, खनन विभाग आदि में वसूली की मासिक प्रगति का जायजा लिया गया। लोकसभा चुनाव के कारण जिन विभागों की प्रगति पीछे रह गई है वह अगले माह तक अपनी स्थिति को सुधार लें। वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत वसूली करवाएं।
कमिश्नर ने कहा कि रोजाना सुनवाई की जाए। इसके साथ ही लंबित मुकदमों का निस्तारण करें। समीक्षा बैठक में शिथिलता मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कमिश्नर ने देवीपाटन मुख्य अभियंता दीपक अग्रवाल से कहा कि विद्युत संबंधी समस्या का तत्काल समाधान करें। वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी तैयारियां करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। इस दौरान अपर आयुक्त राम प्रकाश, जेपी गुप्ता, मुख्य राज्य अधिकारी महेश प्रकाश के अलावा सभी जिलों के एडीएम समेत अधिकारी मौजूद रहे हैं।