फोटो-5-गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर कुवाना वन डिपो के पास सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार। -संवाद
- फोटो : GONDA
इटियाथोक (गोंडा)। गोंडा बलरामपुर मार्ग पर दुल्हिनपुर जंगल स्थित कुआना वन डिपो के पास रोडवेज बस और कार की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन को बलरामपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। शेष लोगों को मामूली चोट लगी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
शनिवार की सुबह थाना क्षेत्र के गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर दुल्हिनपुर जंगल स्थित कुआना वन डिपो के पास की है। शनिवार सुबह करीब सात बजे परिवहन निगम की कैसरबाग डिपो की अनुबंधित बस बलरामपुर से गोंडा की ओर जा रही थी। जबकि, गोंडा से बलरामपुर की ओर जा रही कार सामने से रोजवेज बस से जा टकराई। कार चालक चांद बाबू (22) निवासी बाजार बाग थाना धानेपुर गोंडा और खुद्दन (60) निवासी फतेहजोत थाना कोतवाली नगर बलरामपुर की मौके पर मौत हो गई। कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खुद्दन के भाई ननकू ने बताया कि उनके बड़े भाई जयपुर से इलाज कराकर घर वापस आ रहे थे, लेकिन दुर्घटना में उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आठ यात्रियों को मामूली चोट आई। दुर्घटना के बाद सभी यात्री अन्य वाहनों से अपने गंतव्य की ओर चले गए। खरगूपुर के थानाध्यक्ष कुबेर तिवारी ने बताया कि दुर्घटना में मरने वालों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। कार सवार तीनों घायलों को बलरामपुर जिला चिकित्सालय भिजवाया गया है।
दुर्घटना में बाइक सवार तीन घायल
मुजेहना (गोंडा)। थाना क्षेत्र धानेपुर अंतर्गत गोंडा-उतरौला मुख्य मार्ग पर इम्लिहवा मोड़ के पास शुक्रवार की शाम को देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर से दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों गोंडा से कुतुबगंज की ओर जा रहे वाहन ने ठोकर मार दी। जिससे अंकित दुबे निवासी बलदूपुरवा मौजा बनगाई, नीतू दुबे व ममता दुबे घायल हो गए। जिन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं घटना की सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार गुप्ता ने मौके पर जाकर वाहन को कब्जे में ले लिया।
गोंडा-उतरौला मार्ग पर इमिलडिहवा के पास जिस वाहन से टकराकर बाइक सवार तीन लोग घायल हुए उसमें देशी शराब लोड थी। वाहन पर पराग दूध लिखा हुआ है। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें शराब की पेटियां लदी हुई थीं। बिक्री के लिए याकूबगंज स्थित दुकान पर भेजी गई थीं। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि गाड़ी को कब्जे में लेकर घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया। पराग दूध की गाड़ी में लदी शराब की पेटियों की जांच पड़ताल की जा रही है।(संवाद)