गोंडा के एसपी कार्यालय में फर्जी आधार बनाने वाले गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों संग एसपी व पुलिस टीम।
- फोटो : GONDA
गोंडा। पुलिस ने कम समय में अधिक धन कमाने की लालच में आधार कार्ड में फर्जीवाड़े का खुलासा कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए गिरोह के सदस्यों के पास से 22 फर्जी आधार कार्ड, दो लैपटॉप व एक प्रिंटर बरामद हुआ है।
शुक्रवार को पकड़े गए गिरोह के दो साथियों के बारे में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि काफी दिनों से आधार कार्ड में फर्जीवाड़े की शिकायत मिल रही थी। जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों के साथ ही स्वॉट व सर्विलांस टीम को अभियान चलाकर धरपकड़ करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, इसके लिए अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज एवं सीओ क्राइम के निर्देशन में टीमों को टास्क सौंपा गया था।
बताया कि कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी व स्वॉट टीम प्रभारी सुनील कुमार सिंह के साथ सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि थाना नवाबगंज क्षेत्र के दुल्लापुर का रहने वाला श्याम निषाद इसी थाना क्षेत्र के कनकपुर सुदियागंज के रहने वाले अपने साथी सूरज मौर्या के साथ मिलकर नंदनी नगर में एक दुकान पर कम समय में अधिक धन कमाने की चाहत में फर्जी आधार कार्ड बनाने का काम कर रहे हैं।
इसी सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारा। पुलिस टीम ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। मौके पर 22 फर्जी आधार कार्ड, 02 लैपटाप व 01 प्रिन्टर बरामद हुआ। पकड़े गए श्याम निषाद व सूरज मौर्या ने पूछताछ में बताया कि वह दोनों साफ्टवेयर के माध्यम से आधार के पुराने डाटा को मिटाकर नए फर्जी आधार कार्ड बनाते थे। फर्जी आधार कार्ड बनवाने वालों से बड़ी रकम वसूलते थे। एसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली देहात में केस दर्ज किया गया है।