दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के महेंद गांव स्थित आम के बागीचे में बुधवार की रात एक युवक ने पेड़ की टहनी से गमछे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि करीमुद्दीनपुर गांव निवासी गणेश राजभर (37) का उसकी पत्नी पिंकी से किसी बात को लेकर देर शाम को झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह गुस्से में उसके मायका महेंद इसकी शिकायत करने चला गया। वहां जाने के बाद रात में ही घर करीमुद्दीनपुर के लिए चल दिया। इधर सुबह ग्रामीण की नजर जब बागीचे में पेड़ की टहनी से लटकते युवक के शव पर पड़ी तो सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता तारानाथ राजभर ने मृतक के ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए नौ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने के साथ छानबीन में जुट गई।