गाजीपुर। शहर के आरटीआई मैदान में करोड़ों की लागत से बनकर तैयार महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) का प्रधानमंत्री वर्चुअल उद्धाटन करेंगे। 25 अक्तूूबर को होने वाले कार्यक्रम में 150 से अधिक मेहमान शिरकत करेंगे। आयोजन को लेकर कॉलेज प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके संचालन से विभिन्न विधाओं से संबंधित चिकित्सकों की पौध तैयार होगी, जिससे जनपद के लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
चिकित्सा और उपचार की सुविधा के साथ-साथ डॉक्टरों की नई पौध तैयार करने के लिए जिले में करीब चार वर्ष पूर्व गाजीपुर शहर के आरटीआई मैदान में राजकीय मेडिकल कॉलेज की नींव पड़ी थी। करीब 220 करोड़ की लागत से 25 एकड़ में भवन निर्माण कार्य शुरू हुआ था। कोरोना संक्रमण काल के दौरान निर्माण कार्य की गति थोड़ी धीमी तो जरूर हुई, लेकिन भवन निर्माण का कार्य पूर्ण हो गया है। मेडिकल कॉलेज में प्रशासनिक कक्ष, लाइब्रेरी, एकेडमिक, कैफेटेरिया, लेक्चर हाल, ऑडिटोरियम के अलावा 100 छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल एवं प्रोफेसर, सहायक प्रोफेसर एवं अन्य कर्मचारियों के लिए आवास का भी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। कॉलेज प्रशासन को पीएम के संभावित कार्यक्रम के संबंध में शासन से दो दिन पूर्व पत्र मिला है। कार्यक्रम को लेकर इंटरनेट कनेक्टिविटी दुरुस्त करने के साथ अन्य तैयारी भी शुरू कर दी गई है।