दिलदारनगर। स्थानीय रेलवे स्टेशन से बुधवार की शाम डाउन ट्रैक से उपासना एक्सप्रेस गुजर रही थी। इसी दौरान पोल संख्या 696/34/36 के पास ट्रैक चटक गया। संयोग रहा कि ट्रेन गति धीमी होने के कारण चटके ट्रैक से गुजर गई, अन्यथा किसी बड़े हादसे से इंनकार नहीं किया जा सकता था। रेलपथ अभियंत्रण टीम ने क्लैंप बांधकर ट्रैक को दुरुस्त किया। इसके चलते डाउन रूट पर करीब 40 मिनट ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा।
शाम करीब 3.30 बजे डाउन ट्रैक से उपासना एक्सप्रेस गुजर रही थी। उसके गुजरने के बाद पोल संख्या 696/34/36 के पास ट्रैक चटक गया था। इस संबंध में सहायक स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि ट्रेन के गुजरने के दौरान कंट्रोल रूम में लगे पैनल का संकेतक लाल हो गया था। तत्काल इसकी जानकारी वरीय अनुभाग अभियंता रेलपथ अखिलेश प्रसाद को दी गई। सूचना पर पहुंचे रेलपथ अभियंत्रण टीम ने चटके रेल ट्रैक पर क्लैंप बांधकर दुरुस्त किया। तब जाकर करीब 42 मिनट बाद डाउन रूट से ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया। इस दौरान डाउन डीडीयू पटना मेमू पैसेंजर ट्रेन दरौली स्टेशन पर खड़ी रही।