बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के हिसाब से तैयार करने के लिए माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है। यूपी बोर्ड की कक्षा नौ के छात्रों को अब ओएमआर सीट पर परीक्षा देना होगा। इस बदलाव के पीछे बोर्ड का मकसद है कि प्रतियोगी परीक्षाएं दिन पर दिन कठिन होती जा रही है। अधिकांश बच्चे ओएमआर सीट भरने में ही गलती कर देते हैं। जिससे कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में प्रदर्शन खराब हो जाता है। जो उनकी वास्तविक योग्यता से नहीं जुड़ा होता।
नए बदलाव के तहत प्रश्न पत्र में अब एक-एक नंबर के 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। जिसका जवाब परीक्षार्थियों को ओएमआर सीट पर देना होगा। वहीं 50 अंकों का दूसरा भाग वर्णनात्मक प्रश्नों का होगा। जिसका उत्तर परीक्षार्थी पहले से चली आ रही व्यवस्था के अनुसार पारंपरिक उत्तर पुस्तिका पर देंगे। शेष 30 अंक परीक्षार्थियों का आंतरिक मूल्यांकन करके दिया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो इस संबंध में बोर्ड के सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षक को शैक्षिक सत्र 2021-22 में इसे अमल में लाने का निर्देश दे दिया है। यहां तक कि अर्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षाओं की समय सारणी भी जारी कर दी गई है। इस संबंध में अभिभावकों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के मद्देनजर बोर्ड का यह फैसला विद्यार्थियों के हित में है।