मुख्तार अंसारी की पत्नी आफशां बेगम
- फोटो : GHAZIPUR
मऊ विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी का नगर कोतवाली के ड्योढ़ी बल्लभदास मुहल्ले में स्थित निर्माणाधीन शापिंग कांप्लेक्स को जिलाधिकारी के आदेश पर मंगलवार को कुर्क कर लिया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ 84 लाख है। जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई गैंगेस्टर एक्ट के तहत की है। इससे उनके करीबियों एवं गैंग के सक्रिय सदस्यों में हड़कंप मचा है।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर भू-माफिया एवं संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ जिला एवं पुलिस प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। ऐसे माफिया के अवैध निर्माणों को ध्वस्त कराने, अवैध संपत्ति को कुर्क करने के साथ ही शस्त्र लाइसेंसों को निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी एमपी सिंह के आदेश पर गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत आईएस 191 गैंग के लीडर मुख्तार अंसारी की पत्नी मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के दर्जी मुहल्ला निवासी आफसां अंसारी का नगर के ड्योढ़ी बल्लभदास में निर्माणाधीन शापिंग कांप्लेक्स को मुनादी करने के बाद कुर्क किया गया। यह 32 रकबा 1150 वर्ग मीटर भूमि पर निर्माणाधीन है। पीडब्ल्यूडी के मुताबिक इस निर्माणधीन कांप्लेक्स की कीमत लगभग 2 करोड़ 84 लाख रुपये है। कुर्की की कार्रवाई के दौरान सदर एसडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह, कोतवाल दीपेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी और पुलिस कर्मी मौजूद थे। इस संबंध में सीओ सिटी ओजस्वी चावला ने बताया कि डीएम के आदेश पर मुख्तार की पत्नी आफसां अंसारी का निर्माणाधीन शापिंग कांप्लेक्स कुर्क किया गया है।
तीन माह पूर्व बेनाम संपत्ति हुई थी कुर्क
गाजीपुर। जिला प्रशासन ने तीन माह पूर्व बीते तीन अगस्त को पुलिस टीम ने आईएस 191 गैंग के लीडर मुख्तार अंसारी की पत्नी एवं दोनों सालों की नगर के सैय्यदबाड़ा स्थित एक करोड़ 18 लाख की बेनामी संपत्ति कुर्क की थी। साथ ही लखनऊ के गोमती नगर स्थित एक करोड़ की आवासीय फ्लैट कुर्क भी किया गया था। नगर के सैय्यदबाड़ा स्थित प्लांट संख्या 84 एवं 85 में करीब 742.88 वर्ग मीटर भूमि सरजीला रजा उर्फ आतिक, अनवर शहजाद और आफसा अंसारी की माता नजमा खातून के नाम पर क्रय किया गया था। अवैध रूप से कमाई गई धनराशि से इस भूमि पर मुख्तार की पत्नी आफसा अंसारी, साले सरजील रजा उर्फ आतिफ और अनवर शहजाद द्वारा दो करोड़ 18 लाख लागत से आवासीय भवन का निर्माण कराया गया था। राजस्व एवं पुलिस टीम ने मुनादी कराकर इनके बेनामी संपत्ति को कुर्क करने के साथ प्रत्येक कमरे को सीज किया था। इसके साथ ही इनकी बेनामी संपत्ति लखनऊ के गोमती नगर स्थित आवासीय फ्लैट (अनुमानित लागत एक करोड़) कुर्क की गई थी।