जमानिया कोतवाली क्षेत्र के बघारी गांव में शनिवार की देर शाम नाली के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान ईंट-पत्थर के वार से दोनों पक्षों के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गई। चोट लगने से घायल एक वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
बघारी गांव निवासी रामबचन कुशवाहा (70) और उनके पट्टीदार रमाशंकर से नाली विवाद का मुकदमा चल रहा था। देर शाम करीब छह बजे रमाशंकर नाली का निर्माण कराने लगे। इसकी जानकारी होने पर रामबचन कुशवाहा पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामला शांत होने की बजाय बढ़ता ही गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। मारपीट में एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से तीन सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सिर में चोट लगी। आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान रामबचन कुशवाहा (70) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सूचना पर देर रात पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि शीघ्र मामले से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी की जाए।