Ghazipur News: फाइलेरिया की दवा खिलाने के बाद 20 बच्चों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। चक्कर की शिकायत भी बताई गई। इस पर स्कूल में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अभिभावक धीरे-धीरे एकत्रित हुए और हंगामा करने लगे।
गाजीपुर के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के जामापुर गांव स्थित पीएनएस पब्लिक स्कूल में सोमवार को छात्रों को फाइलेरिया की खुराक देने के बाद 20 विद्यार्थियों को सांस लेने में तकलीफ़ होने लगी। छात्रों ने शिकायत किया कि उन्हें चक्कर, उल्टी के साथ हाथ पैर में दर्द होने लगा है।
विज्ञापन
छात्र-छात्राओं में चक्कर आने की शिकायत मिलते ही पूरे स्कूल में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में बीमार सभी छात्र-छात्राओं को स्कूल के अध्यापक बस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद ले गए। वहां पर कुछ समय तक इलाज के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया गया।
बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना पाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन के साथ दवा देने वाली टीम की शिकायत करते हुए हंगामा करने लगे। बाद में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ एनके सिंह के समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हुआ और अभिभावक अपने बच्चों के साथ घर चले गए।