नगर के गोराबाजार स्थित सीएमओ कार्यालय परिसर में बन रहा तीन सौ बिस्तरों का अस्पताल सात माह बाद मार्च 2022 में बनकर तैयार हो जाएगा। हालांकि कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम आजमगढ़ ग्राउंड, प्रथम एवं दूसरे तल को पूरा करने में जुटी है और अक्तूबर में ओपीडी संचालन के लिए राजकीय मेडिकल कालेज के सुपुर्द करने का दावा किया है। करीब 220 करोड़ की लागत से बन रहे सात मंजिला इस अस्पताल का भवन पूरा होने पर जिला और महिला अस्पताल को मिलाकर बिस्तरों की संख्या 600 हो जाएगी।
शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सीय सेवा देने के प्रति शासन गंभीर है। एक तरफ जहां विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ सीएमओ कार्यालय परिसर में सात मंजिला तीन सौ बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण कराने के साथ उसे अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने का कार्य भी तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में आरटीआई मैदान में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज का कार्य अब तक 80 प्रतिशत ही पूर्ण हो चुका है। ऐसे में बिस्तरों की संख्या को पूर्ण कर संचालन के लिए मानक को पूर्ण करने की प्रक्रिया को भी अमली-जामा पहनाने का कार्य तेज हो चुका है। गोराबाजार में संचालित 200 बिस्तरों के जिला अस्पताल के अलावा तीन सौ बिस्तरों के महिला अस्पताल निर्माण का कार्य चल रहा है। वर्ष 2020 के प्रथम माह में शुरू हुए इस अस्पताल के भवन निर्माण का कार्य पूर्ण करने के लिए कार्यदायी संस्था ने पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में ओपीडी संचालन को लेकर ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल और दूसरे तल को तैयार कर सुपुर्द करने के लिए समय सीमा अक्तूूबर तय किया गया है ताकि नवंबर से नए भवन में ओपीडी का संचालन शुरू किया जा सके।