माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से आयोजित होने वाली हाईस्कूल इंटरमीडियट की बोर्ड परीक्षा तैयारी के लिए केंद्र निर्धारण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए बोर्ड ने 27 नवंबर तक विद्यालय संचालकों को उपलब्ध संसाधनों की जानकारी विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद डीआईओएस की तरफ से गठित टीमें दो दिसंबर तक इन विद्यालयों का सत्यापन करेंगी। नौ दिसंबर तक डीएम की तरफ से गठित जांच टीम परीक्षा मानकों की जांच करेगी।
विद्यालय की आधारभूत सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किए जाने के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ओपी राय ने बताया कि विद्यालय की आधारभूत सूचनाएं परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की गई थी उनमें किसी प्रकार का कोई संशोधन है तो उसे विद्यालय के प्रधानाचार्य की तरफ से अपलोड किया जाएगा। अगर संशोधन नहीं है तो वेबसाइट पर कुछ नहीं किया जाना है। इसके साथ ही विद्यालयों की जियो लोकेशन की सही सूचना भी वेबसाइट पर फीड की जानी है। बताया कि इसमें किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो उस विद्यालय को परीक्षा केंद्र से वंचित कर दिया जाएगा तथा प्रबंधक-प्रधानाचार्य के विरुद्ध विभागीय कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। बताया कि विद्यालय द्वारा सूचना अपलोड करने के बाद दो दिसंबर कार्यालय स्तर से गठित टीम इन विद्यालयों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना का भौतिक सत्यापन करेगी। इसके बाद नौ दिसंबर तक जिलाधिकारी की ओर से गठित जांच टीम परीक्षा मानकों की पड़ताल करेगी। उन्होंने बताया कि यह सूचना अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध है इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं है।