गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली के नगर स्थित भाजपा के चुनावी कार्यालय पर रविवार को पुलिस ने दबिश दी। वहां मौजूद महिला, पुरुष एवं युवकों की लगी भीड़ को पुलिस कर्मियों समाप्त कराया। साथ ही भाजपा- निषाद पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी सुभाष पासी के आवास पहुंचकर वहां मौजूद लोगों को परिसर से बाहर निकाला। साथ ही चेताया कि अगर कार्यालय और आवास पर भीड़ लगी तो आचार संहिता के नियमों को तोड़ने के खिलाफ कार्रवाई होगी।
विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है। इस दौरान सूचना मिली कि भाजपा के चुनावी कार्यालय एवं प्रत्याशी के आवास पर काफी भीड़ एकत्र है। सक्रिय हुई टीम भाजपा के चुनाव कार्यालय पहुंची और वहां भीड़ को तितर- बितर किया। इसके बाद आवास से सभी को बाहर निकाला। पुलिस ने प्रत्याशी प्रतिनिधि आसू दूबे को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यहां भीड़ लगी तो सब के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई लगभग आधे घंटे तक चली। इस दौरान पुलिस को देखकर मौके पर जमा भीड़ इधर उधर भागती नजर आई। सैदपुर कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया किजनपद में धारा 144 लागू है। ऐसे में कहीं भी किसी को भीड़ लगाने की इजाजत नहीं दी जा सकती। उड़नदस्ता टीम द्वारा आचार संहिता उल्लघन के संबंध में प्रत्याशी के खिलाफ तहरीर दी गई है। छानबीन करके कार्रवाई की जाएगी।