सुहवल। ओवरलोड वाहनों के चलते आए दिन हमीद सेतु पर भीषण जाम लग रहा है। बुधवार को भोर से ऐसा जाम लगा कि नौ घंटे तक लोगों को कराहने पर विवश कर दिया। वजह बेलगाम बालू लदे ओवरलोड ट्रक की कमानी रजागंज चौकी के पास अचानक टूट गई। इसके चलते स्थिति यह हो गई कि दोनों तरफ दस किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी प्रयास करने पर करीब नौ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। तब जाकर राहगीरों एवं वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
पुलिस चौकी के पास भोर में करीब तीन बजे एक ओवरलोड बालू लदे ट्रक की कमानी टूट गई। काफी प्रयास के बाद भी उसकी मरम्मत नहीं हो सकी। इधर देखते-ही-देखते पुलिस चौकी से लगायत पुल के दोनों तरफ करीब दस किमी लंबा भीषण जाम लग गया। पुलिस द्वारा काफी प्रयास के बाद भी जाम समाप्त नहीं हो सका। इस दौरान राहगीरों को आने-जाने जाने में काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। काफी प्रयास के बाद दोपहर 12 बजे ट्रक की कमानी ठीक होने पर आवागमन सुचारु रूप से बहाल हो सका। बीते चार माह तक क्षेत्रीय आमजन जाम से मुक्त रहे, लेकिन पुल को भारी वाहनों के लिए खोल देने के कारण जाम लोगों के दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनता जा रहा है। घरों से निकलने से पहले वे यह पता करने में लगे रहते हैं कि हमीद सेतु पर कहीं जाम तो नहीं लगा है। इससे सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं, मरीजों, सहित अन्य राहगीरों को झेलनी पड़ रही है।
ओवरलोडिंग जारी रही तो कभी क्षतिग्रस्त हो सकता है हमीद सेतु
सुहवल। क्षेत्रीय लोगों का कहना है अगर आलाधिकारी सतर्क नहीं हुए तो हमीद सेतु को क्षतिग्रस्त होने से नहीं रोका जा सकता है। कहा कि जिस तरह से ओवरलोडिंग का यह खेल पड़ोसी राज्य से होकर गहमर, दिलदारनगर, भदौरा, रेवतीपुर जमानियां से होते हुए सुहवल की सीमा से होकर हमीद सेतु से से होकर गुजरती है। इससे हमीद सेतु कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकता है।
ओवरलोड वाहनों का संचालन किसी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। इस पर प्रभावी तरीके से अंकुश लग सके इसके लिए इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। - प्रभाष कुमार, सदर एसडीएम