गाजीपुर। नगर कोतवाली के तुलसीपुर गांव के पास एक निजी ढाबा पर कार्य करने वाले मजदूर का बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दी। साथ ही मृतक के परिजनों एवं घर का पता लगाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा भी पुलिस द्वारा लिया जा रहा है।
वाराणसी से चार दिन पूर्व एक मजदूर नगर के तुलसीपुर गांव के बाहर गाजीपुर-वाराणसी मार्ग के किनारे एक ढाबा पर काम करने आया था। बुधवार की सुबह शव मिलने की जानकारी होने पर आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। ढाबा पर कार्य करने वाले अन्य मजदूरों ने उसकी पहचान प्रदीप (40) के रूप में की। युवक कहां का रहने वाला है, इसका पता नहीं चल सका। ऐसे में पुलिस ने शव को शिनाख्त होने तक मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है। साथ ही सोशल मीडिया के सहारे मृतक के परिजनों का पता लगाया जा रहा है कि युवक कहां का रहने वाला था। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि छानबीन में पता चला है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था। वह ढाबा पर दो-तीन काम करने आता था। फिर कहीं चला जाता था। चार दिन पूर्व वह वाराणसी से आया था। फिलहाल मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है। ऐसे में शव को मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है।