जिला विकास समन्वयक एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक विकास भवन के सभागार में बुधवार को हुई। समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण, मनरेगा, कृषि, विद्युत, पशुपालन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, पीएमजेएसवाई, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिले में स्वास्थ्य विभाग में स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की मांग के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा गया। बलिया के सांसद विरेंद्र सिंह मस्त ने कासिमाबाद सीएचसी में निर्मित ऑक्सीजन प्लांट का अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में उद्घाटन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले में हेल्थ वेलनेस सेंटर एवं बायो मेडिकल ट्रीटमेंट प्लांट की जानकारी ली।
बैठक में गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी एवं बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने लोक निमाण विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में नई सड़कों के निर्माण की भौतिक प्रगति जानी। इस पर बताया गया कि 192 नई सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है जिसकी कुल लंबाई 386.66 किमी है। इसके लिए 307 करोड़ बजट के सापेक्ष 15 करोड़ प्राप्त हुआ है। इस पर उन्होंने कहा कि इस तरह के निर्माण कार्यों की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों का टेंडर पूर्ण हो चुका है उसका निर्माण अविलंब शुरु किया जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा में उन्होंने जिले में बाढ़ के दौरान जलमग्न खरीफ की फसल तथा उनके नुकसान के लिए मुआवजों के संबंध में जानकारी ली। बताया गया कि सर्वे कराया जा रहा है। अभी तक बीमा कंपनी से पैसे प्राप्त नहीं हुए हैं मिलने पर भरपाई की जाएगी। बलिया के सांसद ने जिले में दलहन एवं तिलहन की फसलों के उत्पादन के प्रति किसानों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराने को कहा। मनरेगा से होने वाले कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रत्येक गांव को मौजा से जोड़ने तथा जल भराव वाले गांवों से पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जिलाधिकारी एमपी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, पीडी बालगोविंद शुक्ल, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार एवं सभी जिलास्तरीय अधिकारी एवं निगरानी समिति के सदस्य उपस्थित थे।