कोरोना को लेकर सोमवार को राइफल क्लब सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने वाले कर्मचारियों का ही वेतन आहरित किया जाए। कहा कि छूटे हुए प्रत्येक व्यक्तियों का टीकाकरण प्रत्येक दशा में कराया जाए।
प्रत्येक विभाग में कोविड हेल्प डेस्क बनाया जाए और कर्मचारियों को मास्क अवश्य लगाने का निर्देश दिया जाए। बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं जिला पंचायत राज विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उन विभागों के कर्मचारियों को दोनों डोज लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर पंचायत को निर्देश दिया कि जिन कर्मचारियों को दोनों डोज नहीं लगी है उनका वेतन आहरित न किया जाए। जांच बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल टीमों को लगाकर जांच कराई जाए। जहां पाजीटिव केस मिले, उसे कंटेनमेंट जोन बनाया जाए। सभी बीडीओ से कहा कि वे एक-एक गांव गोद लेकर वहां पूर्ण रूप से टीकाकरण कराएं। सभी गांवों में निगरानी समितियां गठित की जाएं जिसमें प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेक्रेटरी एवं कोटेदार को सदस्य बनाया जाये। कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से टीकाकरण से वंचित लोगों की सूची लेकर टीकाकरण कराया जाए। नगरीय क्षेत्रों में भी कमेटी गठित कर टीकाकरण कराया जाये। उन्होंने मकर संक्रांति तक लक्ष्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर समस्त उपजिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
व्यापारियों को करें जागरूक
जिलाधिकारी ने बताया कि कोरोना के प्रकोप को देखते हुए जिले में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लागू है। कहा कि सभी उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के व्यापारियों को जागरूक करें कि वे बिना मास्क वाले व्यक्तियों को कोई भी सामान न दें। मास्क नहीं तो सामान नहीं के नारे को प्रचारित किया जाए। साथ ही बाजारों में कोविड हेल्प डेस्क को सक्रिय करें।