जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को सड़क हादसे में एक युवक सहित दो की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे की जानकारी होते ही परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम पसर गया।
दुल्लहपुर संवाददाता के अनुसार मऊ जनपद के रेकवारेडीह निवासी हरिश्चंद्र विश्वकर्मा (60) अपने पोते के साथ दुल्लहपुर से गाजीपुर की तरफ बाइक से जा रहे थे। दुल्लहपुर थाने से कुछ ही दूरी पर विपरीत दिशा से आ रही कार ने साइड से बाइक में टक्कर मार दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष संजय मिश्रा और पुलिस कर्मियों ने घटना में गंभीर रूप से घायल हरिश्चंद्र को तत्काल अपने वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मागतपुर पहुंचाया। जहां गंभीर हालत होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में ले लिया। मृतक के पुत्र तारकेश्वर विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने चालाक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि कार चालक लखनऊ का रहने वाला है। मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खानपुर संवाददाता के अनुसार सिधौना-आजमगढ़ मार्ग पर बुधवार की रात सिधौना से आजमगढ़ जा रही तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार विजय बहादुर सिंह यादव (35) ग्राम नथमलपुर उर्फ विशंभरपुर थाना मेहनाजपुर जनपद आजमगढ़ की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बाइक से औड़िहार स्टेशन जा रहे थे कि ददरा मोड़ के पास सामने से आ रही डीसीएम के चपेट में आ गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एंबुलेन्स से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर भेजा। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वाहन चालक की तलाश जारी है।