गाजीपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सोमवार को राजस्व विभाग की टीम ने अतिक्रमण हटवाया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस टीम भी तैनात रही।
रेवतीपुर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के नौली गांव निवासी लल्लन सिंह की शिकायत पर डीएम ने ग्राम सभा स्थित पोखरे की जमीन पर वर्षों से चले आ रहे कब्जे को हटवाया गया। पोखरी की जमीन पर वर्षों से टीनशेड ,पक्का मकान और झोपड़ी को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
लेखपाल सुनील यादव ने बताया कि पोखरे की जमीन पर गांव के करीब 17 लोगों ने मकान, झोपड़ी, टीनसेड निर्माण कर अवैध तरीके से कब्जा कर लिया था। जिसे हटा दिया गया है। इस दौरान पुलिस टीम भी मौजूद रही। मालूम हो कि बीते 21 मई को लेखपाल के द्वारा संबंधित कब्जेदार को कब्जा हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। बावजदू अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद तहसीलदार न्यायालय के द्वारा एक हफ्ते में स्वत: कब्जा न हटाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। इस दौरान सेवराई तहसीलदार अमित शेखर, राजस्व निरीक्षक भोला नाथ बिंद, सुनील यादव, एसआई हरिश्चंद्र वर्मा, ग्राम प्रधान जमशेद राईनी मौजूद रहे। दिलदाननगर/ सेवराई संवाददाता के अनुसार अमृत सरोवर योजना तहत उसियां गांव के तालाब पर कुछ लोगों ने झोपड़ी डालकर अबैध कब्जा को सेवराई के उप जिलाधिकारी राजेश प्रसाद चौरसिया नेतृत्व में समझा-बुझाकर हटवा कर खुदाई का कार्य प्रारंभ किया गया है। इस पर उप जिलाधिकारी ने बताया की उसिया गांव के पूर्वी तालाब की गाटा संख्या 4294 रकबा 635 पर गांव के दो लोग अवैध झोपड़ी और चरन बनाने के साथ पशुओं को बांधकर कब्जा किए थे। इस पर लेखपाल ने अवैध कब्जा हटाने के लिये कई बार कहा। अवैध कब्जा न हटाए जाने के बाद राजस्व टीम ने भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इसके बाद अमृत सरोवर योजना के तहत तालाब की खुदाई का कार्य प्रारंभ हुआ। इस मौके पर भदौरा खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, राजस्व निरीक्षक राकेश राय, लेखपाल आशुतोष दत्ता, दिलदारनगर थाना के प्रभारी निरीक्षक, ग्राम प्रधान शम्स तबरेज खान मौके पर मौजूद रहे।