सुहवल। थाना क्षेत्र पटकनियां गांव के बाहर घाट पर गंगा में नहाते समय एक युवक की डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। कड़ी मशक्कत के बाद मछुआरों ने शव को पानी से बाहर निकाला। इधर युवक का शव देखकर परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटकनियां गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह (27) परिजनों के साथ गांव के बाहर घाट पर गंगा स्नान के लिए गया था। गंगा में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। परिजनों के शोर मचाने पर जब-तक ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचते युवक पानी में समा गया था। इधर, घाट के किनारे मछुआरों को जब गंगा में डूबने की जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश में जुट गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम भी पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को अचेतावस्था में मछुआरों ने पानी से बाहर निकाला। इधर पुलिस अचेत पड़े युवक को जिला अस्पताल लेकर आई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस में रखवा दिया। परिवार की महिलाओं के रोने- बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने कागजी खानापूर्ति करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तारावती ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।