आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले नौनिहाल अब फर्नीचर पर बैठकर पढ़ सकेंगे। प्राथमिक विद्यालय के परिसर में स्थित इन केंद्रों को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। पूर्व में भेजे गए 131 केंद्रों के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। चुनाव बाद धनराशि उपलब्ध कराए जाने की उम्मीद है जबकि हाल ही में विभिन्न विकास खंडों के 314 और केंद्रों का प्रस्ताव भेजा गया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्री-प्राइमरी की कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। प्ले स्कूल के रूप में विकसित किए जाने वाले इन केंद्रों का सरकार कायाकल्प कर रही है। इस क्रम में नौनिहालों को बैठने के लिए फर्नीचर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्राथमिक विद्यालय के परिसर में करीब 2751 केंद्र स्थित हैं। इसमें 131 केंद्रों का प्रस्ताव पहले भेजा गया था जिसे शासन की ओर से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इन केंद्रों पर फर्नीचर की व्यवस्था के लिए चुनाव बाद धनराशि मिलने की उम्मीद जताई गई है। इन केंद्रों पर रंग-बिरंगा फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी 16 विकासखंडों के 314 और केंद्रों पर फर्नीचर की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हाल ही में प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसमें सबसे ज्यादा केंद्र सैदपुर तो सबसे कम नगर क्षेत्र के हैं। इस सत्र से आंगनबाड़ी केंद्रों में प्री-प्राइमरी की कक्षाएं शुरु की जानी है। इसकी तैयारी शुरु कर दी गई है।