कोतवाली क्षेत्र के मौजपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम पुलिस से विवाद कर हाथापाई करने वालों के विरुद्घ थाने में आरक्षी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें सिपाही शिव शंकर पांडेय ने दो लोगों को आरोपित कर उन पर मारपीट करने के साथ सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। पुलिस की कार्रवाई से गांव में हड़कंप मचा है।
मौजपुर गांव में जमीनी को लेकर बीते 11 नवंबर को दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गाली गलौज देने और मारपीट का आरोप लगाकर कार्रवाई के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। इस प्रकरण की जांच करने के लिए शुक्रवार को कासिमाबाद थाने से दो सिपाही गांव पहुंचे । सिपाहियों का आरोप है कि वो घटना की जांच करने के दौरान पूछताछ करने लगें, इस पर एक पक्ष उनसे विवाद कर हाथापाई करने लगा। सिपाहियों के सूचना देने पर थानाध्यक्ष कासिमाबाद, बहादुरगंज चौकी प्रभारी को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंचे, इस दौरान थानाध्यक्ष ने सभी को शांत कराया। लेकिन थाने पहुंचकर आरक्षी शिव शंकर पांडेय ने घटना के बाबत रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें दो लोगों को नामजद कर मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया।