मौधा। केंद्र सरकार के रीवैंप योजना से सैदपुर क्षेत्र के बिजली विभाग की तस्वीर बदलने वाली है। अधिकारियों की मानें तो इस योजना के तहत व्यवस्था में बदलाव का ब्लू प्रिंट तैयार कर विभिन्न प्रस्तावों की सूची शासन को भेज दी गई है। रीवैंप योजना से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में भी अभूतपूर्व बदलाव आ जाएगा। इसके अंतर्गत उपकेंद्रों की स्थापना, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और जर्जर तारों को बदला जाएगा।
सैदपुर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता आशीष कुमार चौहान ने बताया कि रीवैंप योजना के तहत मौधिया-तुरना और शादियाबाद में 5+5 एमवीए के दो नए बिजली उपकेंद्रों की स्थापना होगी। 33 केवी की ओवरलोडिंग समाप्त करने के लिए तलवल-मैनपुर और चोचकपुर में 132 केवी की नई लाइन का विस्तार किया जाएगा। खानपुर और बहारियाबाद 5+5 एमवीए की क्षमतावृद्धि कर उन्हें 5+10 का कर दिया जाएगा। वहीं सैदपुर-देवकली, सादात-गुरैनी, सैदपुर तहसील-तहसील-थाना फीडर, पहाड़पुर-धनईपुर, बड़हार, सीतापट्टी-गोशंदेपुर, सवना-करमपुर, सिंगारपुर की लगभग 62 किलोमीटर लाइनों का विस्तार किया जाएगा। एक्सईएन ने बताया कि इसके अलावा रीवैंप योजना के तहत छह और बिंदुओं पर कार्य होना प्रस्तावित है। इसके बाद बिजली विभाग का पूरी तरह से कायाकल्प हो जाएगा।