कोविड 19 महामारी से बचाव के लिए लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा सके। इस क्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद में दो लाख लोगों का टीकाकरण कराकर जनपद में ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वांचल में प्रथम स्थान लाकर एक कीर्तिमान स्थापित किया है।
यह कीर्तिमान अन्य लोगों के लिए भी एक संदेश देने का काम कर रहा है की कुशल नेतृत्व और कर्मचारियों के सहयोग मिले तो कुछ भी नामुमकिन नहीं है।चिकित्सा अधीक्षक डा. आशीष राय ने बताया कि सर्वप्रथम जनपद में 60 साल से ऊपर के लोगों में कोविड-19 टीकाकरण शुरू हुआ था। तब टीकाकरण की रफ्तार काफी धीमी रही, लेकिन जैसे ही 18 से 45 वर्ष के लोगों के लिए टीकाकरण शुरू हुआ तब उनके ब्लॉक के सभी केंद्रों पर जहां भी टीकाकरण होता रहा है। वहां टीकाकरण कराने वालों की लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिली। यहां तक कि कभी-कभी लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस का सहारा भी लेना पड़ा। यहां के आमजन के सहयोग, विभागीय कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा से हमारा हमारा स्वास्थ्य केंद्र ना सिर्फ जनपद में बल्कि पूर्वांचल में दो लाख से ऊपर लोगों का टीकाकरण करा कर एक कीर्तिमान स्थापित किया है।ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) संजीव कुमार ने बताया कि दो लाख लोगों का टीकाकरण कराने में ब्लॉक के तहत आने वाले गांव के ग्राम प्रधानों और समाजसेवियों का विशेष योगदान रहा। इसके चलते हम गांव गांव में टीकाकरण की टीम भेजकर लोगों को टीकाकरण से संतृप्त कराने का काम किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनके ब्लॉक में 91 ग्राम सभा प्रथम डोज से पूरी तरह से संतृप्त हो चुका है। तो वहीं उन्होंने बताया कि उनके पूरे ब्लॉक में 151652 लोगों ने प्रथम डोज एवं 49847 लोगों ने दूसरा डोज लगवा चुके हैं। वही आने वाले दिनों में पूरा प्रयास होगा कि जितने भी बचे हुए लोग हैं उनका भी टीकाकरण शत-प्रतिशत कर लिया जाए। बताते चलें कि इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर 177940 कासिमाबाद 167278 लोगों का टीकाकरण कर दुसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है।