जमीन बैनामा के नाम पर 30 लाख रुपये की ठगी
जमीन के बैनामे के नाम पर 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने थाने में प्राथमिकी दर्ज की। कठीरांव, फूलपुर (वाराणसी) निवासी रविंद्र कुमार मिश्रा ने भगतपुर शिवपुर के तेज बहादुर उपाध्याय, ब्रह्मानंद उपाध्याय, देवानंद उपाध्याय और नागेंद्र मिश्रा को नामजद किया है।
मिश्रा का आरोपियों के साथ 21 जनवरी 2019 को 30 लाख रुपये में जमीन का अनुबंध हुआ था, जिसके लिए उन्होंने काफी राशि का भुगतान किया था। आरोप है कि तय समय पर आरोपियों ने बैनामा नहीं किया। 25 मई 2026 को जब मिश्रा बैनामा कराने पहुंचे, तो उन्हें गालियां दी गईं, धक्का-मुक्की की गई और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर युवक से 1.10 लाख की ठगी
ऑनलाइन ट्रेडिंग में 6 से 10 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर युवक से 1.10 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। खजूरी निवासी राहुल तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते जुलाई को फेसबुक के जरिये अन्नता नाम की आईडी से महिला ने संपर्क किया। उसने अपना नाम अन्नता शर्मा निवासी अहमदाबाद, गुजरात बताया और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर छह से 10 प्रतिशत तक लाभ का भरोसा दिलाया।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी में भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने दो लोगों को रौंदा, शवों के उड़ गए चिथड़े; परिजनों ने किया हंगामा
पीड़ित के अनुसार, महिला ने व्हाट्सऐप नंबर से संपर्क कर एक लिंक भेजा। शुरुआत में लेवल-1 में 10 हजार और लेवल-2 में एक लाख रुपये निवेश करने को कहा गया। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने 13 जुलाई को 11 हजार रुपये ट्रांसफर किए। 18 जुलाई को 70 हजार और 20 जुलाई को 20 हजार रुपये भी ट्रांसफर किए गए। बाद में महिला ने ट्रेडिंग का लेवल बढ़ने और अधिक मुनाफे देने की बात कही।
पीड़ित के अनुसार कुल 1.90 लाख रुपये भेजने के बाद जब उसने रकम निकालने का प्रयास किया तो उसे बताया गया कि और पैसा जमा करना होगा, अन्यथा निवेश की राशि वापस नहीं मिलेगी। शक होने पर पीड़ित ने साइबर ठगी की शिकायत पुलिस से की। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।