छोटका मलसा कला गावं में रोड नहीं तो वोट नहीं बैनर के साथ ग्रामीण। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
जमानिया। तहसील क्षेत्र के छोटका मलसा गांव में पहुंचने का रास्ता न होने से वर्ष 1975 से संघर्षरत लोग गांव के बाहर रास्ता नहीं तो वोट नहीं का बैनर लगाकर जनप्रतिनिधियों का इंतजार कर रहे हैं।
विगत कई वर्षों से उच्च अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री तक अपनी समस्या को पहुंचाने के बाद भी आज तक उनकी समस्या का निवारण नहीं हुआ। इससे नाराज होकर गांव के लोगों ने मतदान न करने का निर्णय लिया है। गांव के रामशरण राम ने बताया कि हर बार चुनाव के समय जनप्रतिनिधि वोट लेने के लिए वादा तो करके जाते हैं लेकिन जीतने के बाद कोई सुधि नहीं लेता। इसलिए गांव के प्रत्येक मतदाता ने यह निर्णय लिया है कि कोई भी मतदान केंद्र पर बनाए गए बूथ पर वोट देने तब तक नहीं जाएगा जब तक समस्या का समाधान न हो जाए। गांव के विनय कुमार रामकृपाल राम श्रवण कुमार जयप्रकाश राम वीरेंद्र राम तिलकधारी रामप्रकाश रामशरण आदि ने जिलाधिकारी से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।