जिले के दो स्थानों पर शुक्रवार को हुई दुर्घटनाओं में पिता-पुत्र समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
सेवराई : खुदरा पथरा गांव निवासी पिंटू चौधरी अपने पिता छठठू चौधरी के साथ बाइक से सुबह 10 बजे कहीं जा रहे थे। अभी वह करहिया स्टेशन के ताड़ीघाट बारा-माइनर के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। दोनों घायलों को लोगों ने उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां पिंटू चौधरी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस संबंध में कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
दिलदारनगर : थाना क्षेत्र के रकसहा गांव निवासी लखन राम और विमलेश कुमार दिलदारनगर बाजार से बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास ही सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को उपचार के लिए निजी चिकित्सक लाया। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने लखन राम को वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।