मरदह थाना क्षेत्र के सिंगेरा गांव के ग्राम प्रधान करन चौहान एवं उनके भाई कृष्णा चौहान के खिलाफ महिला सफाई कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने एससी एसटी एक्ट, मारपीट और गाली-गलौज करने का मुकदमा दर्ज किया है।
शकुंतला देवी निवासी सरायमुबारक थाना कासिमाबाद ने तहरीर में आरोप लगाया है किछह जुलाई को सिंगेरा गांव स्थित ग्राम प्रधान के घर बायोमेट्रिक मशीन पर हस्ताक्षर करने गई थी। उसी दौरान ग्राम प्रधान करन चौहान एवं उनके भाई कृष्णा चौहान ने जातिसूचक शब्दों से संबोधित करते हुए भद्दी -भद्दी गालियां दी एवं बांह पकड़ कर खिंचते हुए पांच हजार रुपये महीना न देने की बात कहकर अपमानित किया। वहीं प्रधान करन चौहान ने कहा कि गांव के विरोधियों की साजिश के तहत सफाई कर्मचारी को मोहरा बनाकर फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। उक्त महिला सफाई कर्मचारी बायोमेट्रिक पर उपस्थित दर्ज कर चली जाती है। कभी कोई सफाई ग्राम सभा में नहीं करती है। काम न करने के कारण उसे गांव से स्थानांतरित करने के लिए खंड विकास अधिकारी मरदह एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को पत्र दिया था, लेकिन कोई कार्यवाई नहीं हुई। कोई विवाद या मारपीट की घटना नहीं हुई है। इस संबंध में कासिमाबाद सीओ बलराम ने बताया कि सफाईकर्मी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।