प्रमुख मार्गों की पटरियों पर अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों के चलते नगर में जाम की समस्या से आमजन को जूझना पड़ रहा है। मिश्रबाजार से लेकर चीतनाथ तक सड़क की पटरी पर अतिक्रमण के चलते सुबह-शाम लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। अन्य मार्गों पर भी कमोबेश यही हाल है।
मिश्रबाजार स्टेट बैंक से लेकर तिराहा तक अक्सर जाम लग जाता है। सिटी रेलवे स्टेशन रोड पर भी यह स्थिति है। सड़क की दोनों पटरियों के किनारे सब्जी और ठेला-खोमचा वालों की भीड़ लग जाती है। सबसे अधिक दिक्कत रोडवेज बसों के आने-जाने के समय होता है। उस दौरान पैदल निकलना तक लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है। लंका बस स्टैंड की स्थिति तो इससे भी ज्यादा खराब है। सिटी रेलवे स्टेशन से लंका बस स्टैंड ती तरफ आने वाली सड़क के तिराहे और लंका से कचहरी जाने वाले मार्ग पर निजी आटो चालकों की मनमानी से जाम की समस्या बढ़ जाती है। यहीं नहीं रौजा बस स्टैंड से पहले सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगाकर कब्जा कर लिया गया है। महुआबाग, एलआईसी मार्ग सहित नगर के अन्य प्रमुख बाजारों की सड़क का यही हाल है। इन स्थानों पर पुलिस की तैनाती के बाद भी अतिक्रमण एवं जाम से राहत नहीं मिल पा रही है। इससे लोगों में नाराजगी है।