गाजीपुर। प्रमुख चौराहों, मार्गों और बाजारों में सड़कों पर लगे बिजली के खंभे खतरे का सबब बने हैं। कई खंभे तो सड़क के बीचोबीच लगे हैं। दशकों से ये खंभे आने-जाने वालों के लिए परेशानी का सबब बने हैं। इसके चलते मार्ग संकरा होने से आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। शिकायत के बाद भी संबंधित विभाग के अधिकारी इसे लेकर बेपरवाह बने हुए हैं।
शहर के रौजा बस स्टैंड के पुलिस पिकेट के पास चौराहे पर बीचोबीच काफी समय से खंभा लगा है। वाहन चालकों की थोड़ी सी भी असावधानी जान पर आफत बन सकती है। वहीं पिकेट के सामने सड़क पर ही विद्युत का खंभा और ट्रांसफार्मर दुर्घटना को दावत दे रहा है। इसके अलावा ओवरब्रिज के पास रोडवेज बस स्टैंड को जाने वाली सर्विस रोड के बीचोबीच एक कतार में तीन विद्युत खंभे लगे हैं। रोडवेज डिपो से सिटी रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग की पटरी पर भी यही स्थिति बनी हुई है। विशेश्वरगंज से लेकर सकलेनाबाद तक लगे दर्जनों विद्युत खंभे लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। प्रमुख मार्ग होने के कारण कई बार ट्रक एवं अन्य वाहन इन खंभों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, वहीं दर्जनों राहगीर भी घायल हो चुके हैं। इसके साथ ही रात के समय तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित वाहनों के विद्युत खंभों से टकराने के चलते बिजली आपूर्ति भी बाधित हो जाती है। ऐसे में मुहल्लेवासियों को समस्या का सामना करना पड़ता है। रौजा निवासी रवि ने बताया कि रात के समय वाहन विद्युत खंभे में टकरा चुका है। यही नहीं पिकेट के सामने सड़क के पास लगा खंभा एवं ट्रांसफार्मर हादसे को दावत दे रहे हैं। शिकायत के बावजूद विभाग इसको लेकर गंभीर नहीं है। सकलेनाबाद निवासी अशोक ने बताया कि मार्ग के किनारे पटरियों पर लगे विद्युत के खंभे को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। कई बार ट्रकों की टक्कर से विद्युत खंभे क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति भी ठप हो जाती है। इन खंभों के कारण आए दिन जाम की भी समस्या बनी रहती है। बावजूद इसके इसे हटाने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।