करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोसलपुर गांव में छठ पूजा के प्रथम अर्घ्य दिन वेदी बनाकर टौंस नदी में नहा रहे डूबे किशोर का शव शुक्रवार की शाम घटना स्थल से 700 मीटर दूर उतराया मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर किशोर का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
गोसलपुर गांव निवासी गौतम सिंह का एकलौता पुत्र सूरज भान सिंह (15) बीते 10 अक्टूबर को अपने मित्रों के साथ छठ पूजा के लिए टौंस नदी के किनारे वेदी बनाने गया था। वेदी बनाने के बाद वह नदी में नहाने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में जाने से डूब गया था। पुलिस एवं वाराणसी से आई एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। शाम करीब पांच बजे घटना स्थल से 700 मीटर दूर खोह के पास शव उतराया देखकर ग्रामीण शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। इधर परिजन के बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।