थाना क्षेत्र के खरौना गांव में एक सप्ताह से चल रहा रास्ते का विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष की ओर से चलाई गई गोली से ग्राम प्रधान महेश यादव के पिता पलकधारी यादव (70) घायल हो गए। ग्राम प्रधान ने दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर11 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने ग्राम प्रधान पक्ष से पंकज यादव तथा दूसरे पक्ष के मनंजय सिंह, चंदन सिंह और अरुण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य सात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
खरौना गांव के ग्राम प्रधान महेश यादव और दूसरे पक्ष मनंजय सिंह का मकान अगल-बगल है। शुक्रवार की देर शाम ग्राम प्रधान के परिवार को रास्ते पर कूड़ा फेंके जाने और रात्रि में नरक चतुदर्शी का दीया कूड़े की ढे़र पर जलाए जाने के लिए मनंजय सिंह ने मना किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद मनंजय सिंह ने सिधौना चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी को इस विवाद की जानकरी दी। चौकी प्रभारी ने विवादित स्थल का निरीक्षण करावाकर दोनों पक्षों को सुलह-समझौते के लिए शुक्रवार को थाने में बुलाया था। सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में लांडी-ठंडे चलने लगे। एक पक्ष ने बंदूक से फायर कर दिया। गोली ग्राम प्रधान महेश यादव के पिता पलकधारी यादव की जांघ में लगी। गोली लगते ही पलकधारी यादव गिर गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार कर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करने में जुट गई। क्षेत्राधिकारी प्रभात कुमार भी घटना स्थल पर पहुंच गए। इस बारे में एसपी सिटी केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।