गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव के पास बुधवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के प्रसादपुुर छावनी लाइन निवासी लक्षन कुशवाहा का बेटा अभिमन्यू कुशवाहा (23) बाइक से नोनहरा गांव स्थित अपनी रिश्तेदारी में गया था। वापस लौट रहा था कि मालीपुर गांव स्थित कठवामोड़-नोनहरा मार्ग पर अज्ञात वाहन के धक्के से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाने लगी। लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।