कासिमाबाद(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के राजापुर कला गांव में सोमवार को भोर में सुभाष यादव (50) संदिग्ध परिस्थितियों में जख्मी हो गया। परिजनों का आरोप है कि उसे किसी ने गोली मारी है। उसे रात में ही उपचार के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
राजापुर कला निवासी सुभाष यादव रविवार की शाम घर से निमंत्रण में कहीं गए हुए थे। देर रात लौट कर अपने घर से सटे चाचा हरिनारायण यादव के बरामदे में सोये थे। चाचा हरिनारायण यादव के अनुसार रात में करीब दो बजे के आस-पास सुभाष यादव शौच करने के बाद वह अपने मकान में सोने के लिए चले गए थे। इसके बाद कुछ ही घंटे बाद सुभाष की पत्नी रीता देवी ने बताया कि उनके पेट से खून निकल रहा है और दर्द से चिल्ला रहे हैं। यह सुनते ही चाचा हरि नारायण सहित कई लोग वहां पहुंच गए और तत्काल उसे मऊ जिला अस्पताल लेकर गए, जहां पर चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि सुभाष यादव का इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को सुबह दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह मय फोर्स घटना स्थल पर पहुंच कर घटना से संबंधित जानकारी लिया। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने हत्या की नियत से सुभाष यादव को गोली मारी है। घटना के संबंध में गांव में तरह-तरह की चर्चा हैं । इस संबंध में सीओ कृष्णकांत सरोज ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी ।