गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर जिले की 46 सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने जिला पंचायत से निर्मित सड़कों के भुगतान लंबित होने पर संबंधित जेई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए निलंबित करने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण मार्गों का शुभारंभ एवं रिन्यूअल कार्य का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से किया। उन्होंने योजना के तृतीय चरण के अंतर्गत गाजीपुर में 27 मार्ग, जिनकी कुल लंबाई 164.76 किमी और लागत 10684.03 लाख है, का लोकार्पण और 19 मार्ग, जिनकी लंबाई 33.41 किमी का शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय एनआईसी कक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोनिवि-2 और संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।