सुहवल थाना क्षेत्र के युवराजपुर में हुए चोरी के बाद मौके पर छानबीन करती पुलिस। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
थाना क्षेत्र के युवराजपुर गांव में सोमवार की देर रात एक बजे सेवानिवृत्त दरोगा के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चहारदीवारी फांद कर अंदर घुसे चोर घर में से नकदी समेत लाखों के आभूषण और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जाते-जाते वह सो रहे लोगों के कमरों की कुंडी बाहर से बंद करते गए। उधर, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस विभाग में दरोगा रहे शैलेंद्र सिंह सेवानिवृत्त होकर परिवार के साथ गांव में रहते हैं। भोजन करने के बाद वह मुख्यद्वार के पास कमरे में सो रहे थे। जबकि पत्नी दूसरे कमरे में थी। इधर कोहरे का फायदा उठाकर देर रात चोर चहारदीवारी फांदकर घर में घुसे और दोनों कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दिया। चोर दूसरे कमरे में रखी अटैची लेकर चंम्पत हो गए। उसमें चार लाख रुपये के आभूषण और दस हजार नकदी एवं कीमती कपड़े थे। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा खोला। तब जाकर पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची मामले की छानबीन में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक सलिल स्वरूप आदर्श ने बताया कि मुकदमा दर्जकर लिया गया है। पुलिस तफ्तीश कर रही है।