जिला पंचायत सभागार में नवनियुक्त महिला शिक्षक को नियुक्ति-पत्र देते जिले के प्रभारी मंत्री आनंद
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले में नव नियुक्त सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र का वितरण शनिवार को समारोहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सभागार के अलावा सैदपुर, मुहम्मदाबाद एवं जमानिया में आयोजित कार्यक्रम में जिले के कुल 876 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया।
जिले के प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने शनिवार को जिला पंचायत के सभागार में बतौर मुख्य अतिथि नियुक्ति पत्र वितरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कायाकल्प योजना के तहत प्राथमिक विद्यालयों को हाईटेक किया जा रहा है। अब तक लगभग प्रदेश में 50 हजार से अधिक विद्यालयों को इस योजना से आच्छादित किया जा चुका है। उन्होंने सभी नव नियुक्त सहायक अध्यापकों से अनुरोध किया कि आप लोगों की बहुत ही बड़ी जिम्मेदारी है। इसका निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करें जिससे बच्चों के भविष्य की नींव मजबूत हो सके। प्रभारी मंत्री की ओर से 50 तथा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सदर विधायक डा. संगीता बलवंत ने 270 नव नियुक्त अध्यापकों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया। सभागार में प्रभारी मंत्री द्वारा 17 बच्चों को स्वेटर वितरित किया गया। इसके पहले प्रभारी मंत्री ने एनआईसी गाजीपुर में मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से नव नियुक्त सहायक अध्यापकों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में प्रतिभाग किया।