बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में तैनात आगनबाड़ी, मिनी आगनबाड़ी एवं सहायिका के मानदेय में बढ़ोत्तरी के साथ ही आगनबाड़ी के द्वारा कोरोना काल में किए गए कार्य की प्रशंसा और तीसरी लहर के मद्देनजर एक बार फिर से आगनबाड़ी के योगदान को लेकर मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश की आगनबाड़ी वर्कर के साथ लाइव प्रसारण के माध्यम से वर्चुअल सम्मेलन किया।
इसको लेकर जनपद के जिला पंचायत हाल में करीब 200 आगनबाड़ी शामिल होकर अपने मानदेय की बढ़ोत्तरी पर खुशी जताई। इस अवसर पर नगरपालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को आंगनबाड़ियों के मानदेय बढ़ोतरी पर धन्यवाद सहित आभार व्यक्त किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि एक दिन पूर्व बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की निदेशक सारिका मोहन का पत्र जनपद के समस्त जिलाधिकारी को आया था। उसी के क्रम में वर्चुअल सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इसमें करीब 200 आंगनबाड़ी और सहायिका मौजूद रही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की एवं उनसे एक बार फिर से तीसरी लहर के मद्देनजर उनके योगदान का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी वर्कर जिनका पूर्व में 5500 मानदेय था ।अब प्रोत्साहन राशि के साथ वह बढ़ाकर 8000 कर दिया गया है। वहीं मिनी आंगनबाड़ी का 4250 से बढ़ाकर 6000 और सहायिका का 2750 से बढ़ाकर 4000 किया गया है। सभी ने एक स्वर में आने वाले तीसरी लहर के मद्देनजर अपना पूरा योगदान करने का संकल्प लिया।