शहर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान विश्वकर्मा की जयंती शुक्रवार को मनाई जाएगी। पर्व की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को लोग इसकी तैयारी में जुटे रहे। शहर और ग्रामीण इलाकों में स्थित विभिन्न कल-कारखानों में त्योहार के निमित्त साफ-सफाई की गई।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर कुछ स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा का चित्र लगाकर पूजन किया जाएगा। जबकि, कई निजी एवं सरकारी यांत्रिक शालाओं में मूर्ति की स्थापना कर पूजा-पाठ किया जाएगा। इसके मद्देनजर कुछ सप्ताह पूर्व से शहर के साथ ही कई ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति के निर्माण का कार्य किया जा रहा था। पर्व की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को यांत्रिक शालाओं में जयंती की तैयारी पूरी कर ली गई। बड़े-बड़े कारखानों में साफ-सफाई की गई। निजी एवं सरकारी यांत्रिक शालाओं में त्योहार धूमधाम से मनाने की तैयारी है। बाइक मैकेनिक, गैराजों के संचालकों ने साफ-सफाई के साथ ही सजावट का काम पूरा किया। विभिन्न आकार की मूर्तियों की बिक्री अलग-अलग दरों पर की गई। आयोजकों की ओर से मूर्तियों की बुकिंग पहले ही करा दी गई थी। कारीगरों के यहां से शिल्पदेव की मूर्ति ले जाने का क्रम शाम तक बना रहा।