नया आधार कार्ड बनवाने या फिर उसमें संशोधन कराने के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं। वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्णकुमार यादव के निर्देश पर छह जिलों में 13 जनवरी को डाकघरों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। यहां आधार नामांकन एवं अपडेशन कराया जा सकेगा। यह अभियान वाराणसी, भदोही, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर एवं बलिया के 129 डाकघरों में चलाया जाएगा।
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि पोस्ट ऑफिस में आधार सेवाओं का लाभ कोई भी ले सकता है। वाराणसी परिक्षेत्र में अब तक आठ लाख 60 हजार से ज्यादा लोगों का आधार नामांकन एवं संशोधन किया जा चुका है। अकेले कोरोना महामारी के दौरान लगभग पांच लाख लोगों का आधार नामांकन एवं संशोधन किया गया है। उन्होंने बताया कि डाकघरों में नया आधार नि:शुल्क बनाया जाता है। डेमोग्राफिक संशोधन (नाम, जन्म तिथि, लिंग, पता, मोबाइल एवं ईमेल) के लिए 50 रुपये और बायोमेट्रिक संशोधन (फिंगरप्रिंट, आईरिस एवं फोटो) के लिए 100 रुपये शुल्क जमा करना होगा। बताया कि यह अभियान गाजीपुर जिले के 20 डाकघरों में चलाया जाएगा। अधीक्षक डाकघर गाजीपुर मंडल दिनेश साह ने बताया कि जिले में प्रधान डाकघर गाजीपुर, मुहम्मदाबाद, सतरामगंज बाजार, दिलदारनगर, देवकली, बिरनो, शादियाबाद, सैदपुर, औड़िहार, जंगीपुर, रेवतीपुर, गहमर, जखनिया, नंदगंज, मरदह, करीमुद्दीनपुर, जमानिया आरएस, सादात, पीरनगर, जमानिया आदि डाकघर में आधार की सेवाएं ली जा सकती हैं।