गाजीपुर। समीक्षा अधिकारी (आरओ) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) भर्ती-2023 की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को सकुशल संपन्न हुई। दो पाली में आयोजित परीक्षा में 8239 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
दो पाली में आयोजित आरओ-एआरओ की परीक्षा के लिए जिले में 21216 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनके लिए 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पहली पाली की परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से 11.30 बजे तक हुई। इसमें सामान्य अध्ययन एवं दूसरी पाली में दोपहर ढाई बजे से साढ़े तीन बजे तक सामान्य हिंदी की परीक्षा कराई गई। इसमें कुल पंजीकृत 21216 में 12977 अभ्यर्थी बैठे जबकि 8239 ने परीक्षा नहीं दी।
भांवरकोल संवाददाता के अनुसार एसएम नेशनल इंटर कॉलेज मच्छटी स्थित केंद्र पर कुल 480 की जगह 270 परीक्षार्थी ही परीक्षा में सम्मिलित हुए। पूरी परीक्षा के दौरान उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं नायब तहसीलदार विपिन चौरसिया केंद्र पर मौजूद थे। उप जिलाधिकारी ने बताया कि प्रश्नपत्र सीसीटीवी कैमरे की निगरानी और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के सामने खुले हैं।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने लूर्द्स कान्वेंट बालिका इंटर कॉलेज के साथ ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे और कक्ष देख। अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार ने भी कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
प्रवेशपत्र छूटा तो निर्वस्त्र होकर खुद को किया घायल
औड़िहार (गाजीपुर)। सैदपुर कोतवाली के रावलमोड़ के पास रविवार को आरओ-एआरओ की परीक्षा देने जा रहा एक परीक्षार्थी बस में प्रवेश पत्र छूट जाने पर आपा खो बैठा और निर्वस्त्र होने के साथ ब्लेड से खूद को घायल कर लिया।
गोपालपुर गांव निवासी सूरज यादव निजी बस से गाजीपुर स्थित डीएवी कॉलेज में समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहा था। उसके पास बैग था। उसमें प्रवेश पत्र सहित जरूरी कागजात थे। सुबह करीब 8.20 बजे बस सैदपुर के रावल मोड़ पर रुकी तो युवक टॉयलेट के लिए उतरा। जब वह लौटा तो बस वहां न देखकर आपा खो बैठा और परीक्षा का समय निकलता देख चिल्लाते हुए अपने कपड़े फाड़ दिए। वह निर्वस्त्र हो गया और ब्लेड से उसने खुद को जख्मी कर दिया। जानकारी मिलते ही पहुंचे परिजन उसे समझा-बुझाकर घर लेकर चले गए। सैदपुर कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि युवक को उसके पिता समझाकर घर ले गए।
पेपर देने आए अभ्यर्थियों ने किया हंगामा, देर से शुरू हुई परीक्षा
गाजीपुर। आरओ /एआरओ की परीक्षा जनपद गाजीपुर में आयोजित की गई। परीक्षा को लेकर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो भांवरकोल थाना क्षेत्र के एसएम नेशनल इंटर कॉलेज मच्छटी का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में यहां कुछ छात्र हंगामा करते कह रहे हैं पेपर यहां आउट हो गया है। हम गेट के बाहर हैं, इस समय सुबह लगभग 9:30 बजे रहे हैं। हंगामे के कारण परीक्षा कुछ देर से शुरू हुई। मामले में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया कि भ्रम के कारण यह स्थिति बनी। एडीएम इस परीक्षा के नोडल हैं, जो अपने स्तर से जांच कर रहे हैं। मामले में एडीएम दिनेश कुमार ने बताया िक परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थापक की गलती से एक कक्ष का प्रश्नपत्र स्ट्रांग रूम में खोलने के कारण परीक्षार्थियों ने आक्रोश जताया। जिसके बाद उनको वीडियो रिकॉर्डिंग दिखाकर आश्वसत किया गया। इसके बाद परीक्षार्थी दूसरी पाली की परीक्षा में शामिल हुए।