जिले में बृहस्पतिवार को 21 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। वहीं गैर जनपद में एक मरीज की इलाज के दौरान मौत से हड़कंप मच गया। ऐसे में मरीजों के मौत आंकड़ा 10 पहुंच गया है। इधर मिले कोरोना संक्रमित मरीजों को होम आईसोलेट किया गया। वहीं 51 संक्रमित मरीज स्वस्थ हुए। ऐसे में सक्रिय मरीजों की संख्या 184 पहुंच गई है। वहीं 1031 किशोरों को प्रथम और 10148 को दूूसरा डोज लगा। 594 को बूस्टर डोज लगा। साथ ही 18 से 60 वर्ष के 599 को कोरोना का पहला डोज और 11897 को दूसरा डोज लगा।
कोरोना की तीसरी लहर में प्रतिदिन संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। आए दिन मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी होती जा रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही है। हालांकि मरीजों के स्वास्थ्य होने की रफ्तार भी अब तेज हो चुकी है। देर शाम आई रिपोर्ट में 21 कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की टीम जहां सक्रिय हो गई, वहीं इनके संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कर उनकी जांच करने की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है, जिससे संक्रमण के फैलाव पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का भी काम किया जा रहा है, जिससे उन्हें सुरक्षित किया जा सके। वहीं स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए जुटी हुई है। इस संबंध में एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने बताया कि गैर जनपद में भर्ती एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। ऐसे में तीसरी लहर में अब तक 10 मरीजों की मौत हो चुकी है। एहतियात के साथ सतर्कता काफी जरूरी है।